आज रात को एक दुर्लभ खगोलीय घटना होने जा रही है। आकाश में सूर्य परिवार के 8 सदस्य एक साथ आने वाले हैं। 8वें महीने की 8 तारीख को सौर मंडल के 8 ग्रह एक साथ दिखाई देंगे। यह दुर्लभ संयोग बहुत कम एक साथ एक ही रात में दिखाई देता है। आज सूर्यास्त के बाद आकाश में चंद्र, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र, शनि, नेपच्यून और यूरेनस दिखाई देंगे। इनमें से छह ग्रहों को सामान्य आंखो से देखा जा सकेगा जबकि नेपच्यून और यूरेनस को देखने के लिए टेलीस्कोप की सहायता लेनी होगी।
आज शाम को लगभग 7:30 बजे आकाश में लालिला समाप्त होगी। इसी समय आकाश में गुरु और शनि ग्रह का उदित होगा। गुरु ग्रह को सुबह 4 बजे तक जबकि शनि ग्रह को सुबह 4:30 बजे तक देखा जा सकेगा। नेप्च्यून ग्रह रात 9 बजे उदित होगा और यह सूर्योदय तक दिखाई देगा। रात 11 बजे मंगल ग्रह उदित होगा, जो सूर्योदय तक नजर आए। रात को 12:30 बजे यूरेनस ग्रह उदित होगा। यह ग्रह भी सूर्योदय तक नजर आएगा। वहीं शुक्र ग्रह देर रात 3 बजे से सूर्योदय तक दिखाई देगा। बुध ग्रह 9 अगस्त को सुबह 5 बजे उदित होगा जो सूर्योदय तक दिखाई देगा। वहीं चन्द्रमा रात 10 बजे से सूर्योदय तक दिखाई देगा।
नेशनल अवार्ड प्राप्त भोपाल की विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने इसे दुर्लभ खगोलीय घटना कहा है। उन्होंने कहा कि आज रात को यह सभी ग्रह पृथ्वी के ठीक सामने रहेंगे। एक ही रात में इन सभी ग्रहों के दिखाई देने का संयोग बहुत कम बनता है। कई बार सूर्य की परिक्रमा करते हुए यह ग्रह दिन के समय आकाश में होते हैं, लेकिन सूर्य के कारण यह नजर नहीं आते हैं। आज दिखाई देने वाले 8 ग्रहों में से नेप्च्यून और यूरेनस को छोड़कर शेष ग्रहों को सामान्य आंखों से भी देखा जा सकेगा।