श्रीराम मंदिर की तर्ज पर बन रहा है अयोध्या रेलवे स्टेशन, होंगे सांस्कृतिक धरोहर के दर्शन

भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। उत्तर प्रदेश सरकार हो, केन्द्र सरकार या फिर भारत वर्ष का जनसामान्य, सभी जल्द से जल्द राम मंदिर को बनते देखना चाहता है। साथ ही श्रद्धालुओं की यह इच्छा भी है कि जब वे अपने अराध्य श्रीराम की जन्मस्थली, पावन नगरी अयोध्या पहुँचे तो उनका अनुभव परम अलौकिक हो।

इसी बात को ध्यान में रखते हुए, स्थानीय प्रशासन, प्रदेश सरकार और केन्द्र सरकार ने कमर कस ली थी, कि प्रत्येक श्रद्धालु को वह अनुभव मिले। किसी भी श्रद्धालु के अयोध्या पहुँचने का सबसे सुगम मार्ग रेलवे मार्ग होगा, इसलिए अयोध्या रेलवे स्टेशन को विशेष रूप देने की तैयारियाँ भी शुरु हो चुकी हैं। रेलवे स्टेशन के काम में लगे अधिकारियों की मानें तो अयोध्या रेलवे स्टेशन राम मंदिर की तर्ज पर ही विकसित किया जाएगा।

रेलवे बोर्ड ने रेलवे स्टेशन के इस विशेष स्वरूप के लिए 107 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की है। अनुमान है कि जून 2021 तक राम मंदिर की तर्ज पर रेलवे स्टेशन विकसित हो जाएगा। समय पर कार्य पूरा हो सके इसके लिए पत्थरों के विशेष कारीगर और रंग रोगन करने वाले इस कार्य में दिन रात जुटे हुए हैं। जानकारी के अनुसार स्टेशन को ग्रेनाइट पत्थर व सुंदर टाइल्स की सहायता से सुसज्जित किया जाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं पर विकसित किए जा रहे, अयोध्या रेलवे स्टेशन के शीर्ष पर राम मंदिर की ही तरह शिखर होगा। रेलवे स्टेशन परिसर में मुख्य भवन के साथ ही कर्मचारियों के आवास की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

उत्तर रेलवे के डीआरएम श्री संजय त्रिपाठी से मिली जानकारी के अनुसार अयोध्या रेलवे स्टेशन को विकसित करने की जिम्मेदारी रेलवे की नवरत्न कंपनियों में से एक राइट्स (रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकनॉमिक सर्विस) को सौंपी गई है। स्टेशन भवन के बीच में राम मंदिर की विशाल प्रतिकृति स्थापित की जाएगी, वहीं स्टेशन भवन के अगले भाग में 27 फीट ऊँचा व 30 फीट चौड़ा बरामदा बनाया जाएगा। स्टेशन पर प्राकृतिक प्रकाश की समुचित व्यवस्था के लिए ऊपरी हिस्से में कमल के आकार की पारदर्शी पंखुडियाँ लगाई जाएँगी। अयोध्या रेलवे स्टेशन पर पहुँचते ही श्रद्धालु भारत की ऐतिहासिक सांस्कृतिक धरोहर व उच्च स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय सुख-सुविधाओं का मिश्रित अनुभव करेंगे।