135 पूजनीय संतों और 175 महानुभावों की उपस्थिति में होगा भूमि पूजन का शुभारंभ

कल 5 अगस्त को होने जा रहे श्री राम मंदिर के भूमि पूजन को लेकर अयोध्या में जबरदस्त तैयारी चल रही है। अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है। समूची अयोध्या भगवान श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण के उल्लास में डूबी नजर आ रही है। अयोध्या के घर-घर में उल्लास का माहौल है। गलियों और इमारतों को सजाया जा रहा है। घरों की छतों पर केसरिया पताके लहरा रहा है। मंदिरों का रंग-रोगन किया जा रहा है। अयोध्या में सरयू नदी के घाटों को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है।ImageSource

श्री राम जन्मभूमि मन्दिर निर्माण शुभारंभ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित देश भर से कुल 175 महानुभावों को आमंत्रित किया गया है। भूमि पूजन कार्यक्रम देश की कुल 36 आध्यात्मिक परम्पराओं के 135 पूजनीय संतों की पावन उपस्थिति में होने जा रहा है। इसके साथ-साथ अयोध्या के कुछ गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी मेहमानों को आमंत्रण पत्र भेजा गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तरफ से भेजे गए आमंत्रण पत्र पर लिखा है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का भूमिपूजन और कार्यारम्भ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों द्वारा होगा। आमंत्रण पत्र पर विशिष्ट अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख प्रमुख मोहन भागवत का नाम लिखा गया है। साथ ही उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम भी लिखा गया है।

कल 3 अगस्त से अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण को लेकर भूमि पूजन के लिए वैदिक मंत्रों के साथ तीन दिन का अनुष्ठान शुरू हो गया है। पांच अगस्त को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भूमि पूजन कर भव्य राम मंदिर की आधारशिला रखेंगे। इस विशेष अवसर प्रभु रामलला को हरे रंग की नवरत्न जड़ित पोशाक पहनाई जाएगी। हिन्दू धर्म में बुधवार का दिन भगवान श्री गणेश का माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार भगवान श्री गणेश को हरा रंग पसंद है इसीलिए हरे रंग के वस्त्र रामलला के लिए तैयार हुए है।