दिल्ली में 70 जगहों पर एलईडी स्क्रीन के जरिए होगा शिलान्यास कार्यक्रम का प्रसारण

अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर भूमिपूजन समारोह को भव्य बनाने के लिए दिल्ली भाजपा ने भी विशेष तैयारियां की है। भाजपा ने दिल्ली में ही अयोध्या जैसा माहौल बनाया है। सभी लोग मिलकर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बन सके, इसके लिए भाजपा दिल्ली में 11 लाख दीप प्रज्वलित करेगी। साथ ही लेजर शो और एलईडी स्क्रीन की भी व्यवस्था की गई है। भाजपा श्री राम मंदिर भूमि पूजन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिल्ली के 70 जगहों पर बड़े एलईडी स्क्रीन लगाकर करेगी। जहां लोग सामूहिक तौर पर भूमिपूजन समारोह को देख सकेंगे।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि 500 सालों के बाद अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बनने जा रहा है। पांच अगस्त को अयोध्या में भगवान राम मंदिर बनने का सपना सच होने जा रहा है। भूमिपूजन समारोह को यादगार बनाने के लिए दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर कई कार्यक्रम किए जाएंगे। भाजपा ने भूमि पूजन समारोह का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए दिल्ली में 70 जगहों पर एलईडी स्क्रीन स्क्रीन लगाई जा रही है।

अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर भूमिपूजन समारोह शुरू हो चुका है। साधु-संतों के साथ आम लोग में भी भूमिपूजन को लेकर जश्न का माहौल है। अयोध्या सहित देश के कई आश्रमों में भजन-कीर्तन का दौर चल रहा है। कुछ ही समय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अयोध्या पहुंचने वाले हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंच चुके हैं। उनके अलावा राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती, योग गुरु बाबा रामदेव समेत अन्य कई मेहमान भी पूजन स्थल कार्यक्रम पर पहुंच चुके हैं।

इस भव्य और ऐतिहासिक मौके में कोई विघ्न न पड़े, इसके लिए सुरक्षा-व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। समूची अयोध्या को सील कर दिया गया है। बाहर से आने वाली किसी भी गाड़ी को अयोध्या में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। अयोध्या के भीतर भी हर जगह गाड़ियों की चेकिंग हो रही है। दोपहिया वाहनों की भी सख्त चेकिंग चल रही है। राम जन्मभूमि के आसपास के इलाके को रेड ज़ोन घोषित कर दिया गया है।