आयरलैंड में बीते दिनों हिंदू मंदिर का उद्धघाटन किया गया। यह आयरलैंड में बना पहला हिंदू मंदिर है। मंदिर के बन जाने से आयरलैंड में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोग काफी खुश है। इससे पहले आयरलैंड में हिंदू समुदाय के लिए पूजा कार्यक्रम या धार्मिक त्योहारों के लिए कोई जगह नहीं थी। अब तक यहां का हिंदू समुदाय सामुदायिक केंद्र या टाउन हॉल जैसी जगहों को किराए पर लेकर ही धार्मिक त्योहार मनाता आया है। लेकिन अब मंदिर के बन जाने से यहां हिंदू समुदाय रोजाना मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना कर पाएगा। साथ ही मंदिर परिसर में मिलकर त्योहार भी मना पाएंगे।
आयरलैंड गणराज्य में लगभग 25000 हिंदू रहते हैं। मंदिर बन जाने से लोगों में उत्साह का माहौल है। आयरलैंड गणराज्य की राजधानी डब्लिन में रहने वाले भारतीय समुदाय के रविनंदन प्रताप सिंह ने कहा है कि, ‘एक भारतीय समुदाय के रूप में यह हमारे लिए गर्व का क्षण है कि अब हमारे पास घर से कुछ दूर अपने धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए एक हिंदू मंदिर है।‘ वहीं भारतीय समुदाय के रोहित श्रीवास्तव का कहना है कि, ‘आयरलैंड की राजधानी में हिंदू मंदिर की उपस्थिति से हमें यहां घर जैसा लग रहा है।‘ मंदिर में पूजा, समारोह, ध्यान और योग जैसी गतिविधियां की जाएगी जबकि अन्य गतिविधियां क्लबों व टाउन हॉल में की जाएगी।
बता दे कि वैदिक हिंदू सांस्कृतिक केंद्र आयरलैंड के निदेशक सुधांशु वर्मा और उनकी टीम के लगातार प्रयासों की बदौलत ही आयरलैंड गणराज्य में पहला हिंदू मंदिर बन पाया है। यह संगठन लगातार कई वर्षों से हिंदू मंदिर बनाने के लिए प्रयासरत था। संगठन के प्रयासों ने ही हिंदू समुदाय के सपने को वास्तविकता में बदल दिया है। मंदिर बनने के बाद अब वैदिक हिंदू सांस्कृतिक केंद्र पेड़ लगाने का अभियान चलाएगा। इसके लिए टीम के सदस्य अलग-अलग जगहों पर हजारों पेड़ लगाएंगे। यहीं नहीं बेघर और गरीब लोगों की मदद के लिए भी संगठन काम कर रहा है। संगठन गरीब लोगों को भोजन उपलब्ध कराता है।