किसी का भरोसा तोड़ने की सजा हो सकती है बहुत बड़ी

भगवान बुद्ध के पूर्व जन्म संबंधी कथाओं के संग्रह को जातक कथाएँ कहा जाता है। इन कथाओं से हमें जीवन को सही तरीके से जीने की शिक्षा मिलती है। ऐसी ही एक शिक्षाप्रद जातक कथा है कि किसी समय कंदरी नाम का एक सुंदर राजकुमार हुआ करता था। चेहरे पर सूर्य के समान तेज और तंदुरुस्त राजकुमार को देखकर कन्याएं पहली नजर में ही राजकुमार पर मोहित हो जाती थी। राजकुमार कंदरी युवा अवस्था में ही अपने राज्य के राजा बन गए और उनका विवाह किन्नरा नाम की सुंदर कन्या से हुआ। राजा कंदरी अपनी पत्नी किन्नरा से अत्यधिक प्रेम करता था। वह किन्नरा को हमेशा प्रसन्न रखता था। किन्नरा को दुःख ना हो इसलिए कंदरी ने कभी भी दूसरे विवाह के बारे में नहीं सोचा।

ImageSource

राजा कंदरी के महल के पास एक बरगद का पेड़ था। जिसके नीचे एक भिखारी रहता था। एक दिन रानी किन्नरा महल से बाहर विचरण कर रही थी। इस दौरान उनकी नजर बरगद के नीचे बैठे भिखारी पर पड़ी। भिखारी को देख रानी किन्नरा उस पर मोहित हो गई। राजा के प्रेम और विश्वास को तोड़कर रानी किन्नरा रोजाना रात को भिखारी से मिलने के लिए महल से बाहर जाने लगी और सुबह होते ही वापस महल में आ जाती थी। कई दिनों तक यह सिलसिला चलता रहा है, लेकिन राजा को इसके बारे में पता ही नहीं चला।

एक दिन राजा अपने पुरोहित के साथ महल के बाहर विचरण कर रहा था। इसी दौरान उनकी नजर उस भिखारी पर पड़ी। गंदे वस्त्रों में भिखारी को देख राजा के मुख से निकला कि भला ऐसे व्यक्ति को कौन महिला प्यार करेगी। भिखारी ने राजा की बात सुन ली, लेकिन वह राजा को पहचान नहीं सका और कह दिया कि, ‘मुझे तो इस राज्य के राजा की रानी भी प्यार करती है।’

ImageSource

भिखारी की बात सुनकर राजा को बहुत क्रोध आया। वह भिखारी को मृत्यु दंड देना चाहता था। लेकिन उसने पहले भिखारी की बात की सच्चाई पता करने का निर्णय लिया। इसके बाद राजा ने छुप-छुपकर रानी की निगरानी की तो पता चला कि भिखारी की बात एकदम सही है। रानी रात को महल से बाहर भिखारी से मिलने के लिए जाती है। यह जानकार राजा को रानी पर बहुत क्रोध आया और रानी को मृत्यु दंड देने की सजा सुनाई। हालांकि पुरोहित ने राजा को रानी को मृत्यु दंड देने से रोक दिया। इसके बाद राजा ने रानी और उस भिखारी को अपने राज्य से बाहर निकाल दिया। इस दौरान रानी को भी अपने आचरण पर पछतावा हुआ और उसे महल का सुख छोड़कर भिखारी के साथ जाना पड़ा। इसलिए कहा जाता है कि हमें कभी भी किसी व्यक्ति के प्रेम और विश्वास को नहीं तोड़ना चाहिए।