मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में भूमि पूजन पर देश- दुनिया की निगाहें लगी हुई हैं। उनकी उत्सुकता यह भी है कि बुधवार को भूमि पूजन के अवसर पर आखिर अयोध्या में क्या होने जा रहा है? किस तरह भूमि पूजन होगा? कितनी देर में होगा और इसका सौभाग्य किस- किसको प्राप्त होगा? ऐतिहासिक, दिव्य, भव्य, जन्म-जन्मांतर तक स्मरणीय होंगे मुहूर्त के 32 सेकंड। कल 5 अगस्त को इसी शुभ घड़ी में मध्यान्ह 12 बजकर 44 मिनट 8 सेकंड से लेकर 12 बज कर 44 मिनट 40 सेकंड के बीच 500 वर्षों से बहुप्रतीक्षित श्री राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा।ImageSource
प्रधानमंत्री श्री मोदी 5 अगस्त को दिन में 11.11.15 बजे अयोध्या पहुंच जाएंगे। वह सीधे हनुमानगढ़ी मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना करेंगे। इस दौरान मंदिर के पुजारी 3 मिनट तक वैदिक मंत्रोच्चार से पूजा करवाएंगे। फिर जन्मभूमि पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे और वहां पारिजात का पौधा लगाएंगे। अयोध्या में वे करीब 3 घंटे रहेंगे। दोपहर करीब 2 बजे वे अयोध्या से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्य पूजन में राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विहिप नेता स्व. अशोक सिंघल के भतीजे अनिल सिंघल यजमान होंगे। इस भूमि पूजन के लिए 175 प्रतिष्ठित अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
आमंत्रण सूची भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी के अलावा वरिष्ठ वकील के. परासरन एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ निजी तौर पर चर्चा कर तैयार की गई है। इन प्रतिष्ठित अतिथियों में 135 देश के वे जाने-माने संत भी हैं जो विभिन्न आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़े हुए हैं । नेपाल के संतों को भी आमंत्रित किया गया है, क्योंकि नेपाल के जनकपुर का बिहार, उत्तर प्रदेश और खासकर अयोध्या से भी गहरा नाता है। वैसे तो अयोध्या में आज 4 अगस्त राम अर्चन पूजा की जा रही है। पूजा चार चरणों में चल रही है।ॉ
पहले चरण में राम जन्म भूमि के गर्भ गृह स्थल पर भगवान राम की पूजा हुई। इसके बाद भगवान राम के प्रमुख सहयोगी नल, नील और सुग्रीव की पूजा की गई। सुग्रीव वानर राज हैं। नल और नील वही हैं जिनके हाथ लगते ही राम नाम के पत्थर भी तैरने लगे थे। उन्हीं पत्थरों से समुद्र पर पुल बनाया गया था। धर्म नगरी अयोध्या में कई धार्मिक अनुष्ठान भी चल रहे हैं। हनुमानगढ़ी में हनुमानजी के निशान की पूजा की गई। सरयू नदी की भी पूजा- अर्चना चल रही है। आज शाम को ही राम की पैड़ी पर भव्य दीपोत्सव होगा। दीपोत्सव के दौरान तीन लाख दिये प्रज्वलित किए जाएंगे। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ विशेष रूप से शामिल होने जा रहे हैं। इसके लिए योगी जी अयोध्या पहुंच चुके हैं, क्योंकि वे उसी प्रदेश के मुखिया हैं जहां भारतवर्ष के गौरव श्री राम मंदिर का निर्माण होने जा रहा है।