पांच अगस्त को अयोध्या में होने जा रहे भगवान श्री राम के भव्य मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम को दिव्य आभा प्रदान करने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। पूरी अयोध्या नगरी को सजाया गया है। अयोध्या में रहने वाले साधु-संत और आम नागरिक इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाह रहे हैं। अयोध्या में रहने वाले भगवान राम के श्रद्धालु भूमि पूजन कार्यक्रम को भव्यता देने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
इस पवित्र अवसर पर अयोध्या महोत्सव न्यास की ओर से 5100 कलशों को सजाया गया है। इन कलशों को अयोध्या आने वाले अतिथियों के स्वागत के लिए साकेत महाविद्यालय से अयोध्या मार्ग पर लगाया जाएगा। इन खूबसूरत कलशों पर दीए जलाए जाएंगे। धार्मिक परंपरा के अनुसार एक के ऊपर एक कलश रखकर उन्हें आम की पत्ती और दीए से सजाया जाएगा।
अयोध्या महोत्सव न्यास के अध्यक्ष हरीश श्रीवास्तव ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि अतिथियों के स्वागत में 5100 कलशों को सजाया गया है। यह कलश साकेत महाविद्यालय से अयोध्या मार्ग पर रखे जाएंगे। मिट्टी से इन कलशों को रंगो, कपड़ों, आम के पत्तों और दीपों से सजाया गया हैं। विभिन्न संस्थाओं से जुड़े कलाकारों ने कलशों को नया रूप देने का काम किया। अवधी लोक गायक विवेक पांडे, फरवाही नृत्य के लोक कलाकार विजय यादव, भजन गायक बृज मोहन तिवारी, चित्रकार शिव बक्श सागर प्रजापति, संस्कार भारती से रेणुका श्रीवास्तव, डॉ. अनुपम पांडे, राष्ट्रीय कवि संगम से अरुण द्विवेदी सहित अन्य लोग इस काम में अयोध्या महोत्सव न्यास का सहयोग कर रहे हैं।
भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर अयोध्या नगरी पूरी तरह से तैयार है। समूची अयोध्या नगरी भगवान श्री राम की भक्ति में डूबी हुई हैं। घरों की छतों पर केसरिया पताके लहरा रहा है। अयोध्या नगरी को खूबसूरत बनाने के लिए भवनों और मंदिरों को पीले रंग में रंगा गया है। दीवारों पर रामचरितमानस के प्रसंगों पर आधारित चित्रकारी भी की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य अतिथियों के स्वागत के लिए जगह-जगह होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं।